महिला सुरक्षा कर्मचारी वंदना राणा ने ईमानदारी की मिसाल पेश कर लौटाई सोने की अंगूठी

महिला सुरक्षा कर्मचारी वंदना राणा ने ईमानदारी की मिसाल पेश कर लौटाई सोने की अंगूठी

चण्डीगढ़ : सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (जीएमसीएच) के ट्रॉमा सेंटर में तैनात महिला सुरक्षा कर्मचारी वंदना राणा ने अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
आज मॉर्निंग ड्यूटी के दौरान ट्रॉमा सेंटर में एक मरीज के अटेंडेंट की सोने की अंगूठी (रिंग) कहीं गिर गई थी। ड्यूटी के दौरान वंदना राणा को वह अंगूठी मिली। उन्होंने बिना किसी लालच के तुरंत इसकी सूचना अपने सुपरवाइजर को दी और उनकी उपस्थिति में अंगूठी को उसके वास्तविक मालिक कविता को सुरक्षित रूप से वापस सौंप दिया।

वंदना राणा की इस ईमानदारी और सच्चाई को देखकर वहां मौजूद मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ ने उनकी भरपूर प्रशंसा की। अंगूठी वापस मिलने पर कविता ने भी वंदना राणा का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया और उनकी ईमानदारी की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि आज के समय में ऐसे उदाहरण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और यह साबित करते हैं कि ईमानदारी आज भी जीवित है।
वंदना राणा की इस सराहनीय कार्यशैली ने न केवल सुरक्षा कर्मचारियों का सम्मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे सुरक्षा विभाग का भी नाम रोशन किया है।
सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वंदना राणा को उनकी सच्चाई, निष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



