news

महिला पतंजलि योग समिति, चण्डीगढ़ का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न, योग को जन-जन तक पहुँचाने का लिया संकल्प

महिला पतंजलि योग समिति, चण्डीगढ़ का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न, योग को जन-जन तक पहुँचाने का लिया संकल्प

चण्डीगढ़ : महिला पतंजलि योग समिति, चण्डीगढ़ द्वारा भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधिकाओं, प्रशिक्षकों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी रहे।

इस अवसर पर माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य देवेंद्र चौहान, पार्षद राकेश जगोता, नरेश मित्तल सामरा, मुकेश सिंघला सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती पूनम सिंघला ने किया। महिला पतंजलि योग समिति की ओर से सुधा, अंजना, चंचल, वैद्य, परम तंवर, लक्ष्मी, सुनीता मल्होत्रा, सविता चावला, अर्चना नारंग, अनु तथा पलक भाटिया सहित अनेक योग साधिकाओं एवं पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली योग साधिकाओं को दीक्षांत प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि तरुण भंडारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने महिला पतंजलि योग समिति द्वारा महिलाओं को योग से जोड़ने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नियमित योग अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, योग प्रशिक्षकों, योग साधिकाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ तथा सभी ने योग को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *