news

नियमित साइकिलिंग न केवल व्यक्ति को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखती है, बल्कि तनाव को कम कर मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होती है : कमांडेंट कमल सिसोदिया

नियमित साइकिलिंग न केवल व्यक्ति को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखती है, बल्कि तनाव को कम कर मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होती है : कमांडेंट कमल सिसोदिया

 

13वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा “फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल” के 75वें संस्करण का आयोजन

 

चण्डीगढ़ : भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित “संडेज़ ऑन साइकिल” पहल के 75वें संस्करण के अवसर पर 13वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व श्रीमती कमल सिसोदिया, कमांडेंट, 13वीं बटालियन सीआरपीएफ ने किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया ने साइकिलिंग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिलिंग न केवल व्यक्ति को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखती है, बल्कि तनाव को कम कर मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में साइकिल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह प्रदूषण को कम करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

अपने संबोधन के उपरांत कमांडेंट महोदया ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा-सुसज्जित साइकिल रैली को रवाना किया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने स्वयं रैली का नेतृत्व प्रारंभ से अंत तक अग्रिम पंक्ति में रहकर किया। एक वरिष्ठ महिला अधिकारी द्वारा बड़ी संख्या में पुरुष जवानों के साथ रैली का नेतृत्व किया जाना उपस्थित नागरिकों एवं दर्शकों के लिए प्रेरणा का विषय रहा। उनके नेतृत्व ने महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का सशक्त संदेश दिया।

 

रैली के मार्ग में उपस्थित अनेक नागरिकों ने इस पहल की सराहना की तथा कुछ नागरिक स्वयं भी रैली में शामिल होकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश का हिस्सा बने।

इस अवसर पर 13वीं बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान तथा नागरिक समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।

 

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों से नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा फिट एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के आह्वान के साथ हुआ।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *