*राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का शंखनाद करेगी : मल्होत्रा*
*22 नवंबर को रामलीला ग्राउंड सेक्टर-27 में होगा भव्य बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन, 6,500 से अधिक कार्यकर्ताओं की रहेगी भागीदारी*


चंडीगढ़, 21 नवंबर 2026।
आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा आज आयोजित प्रेस वार्ता को प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा एवं चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली के मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सतीश उपाध्याय ने संबोधित किया। प्रेस वार्ता में 22 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के चंडीगढ़ प्रवास और उनके कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।

दोपहर 2बजे सेक्टर 27 के रामलीला ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे।

इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन एवं अरुण सूद,मेयर सौरभ जोशी तथा प्रदेश मीडिया संयोजक रवि रावत उपस्थित रहे ।
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने बताया कि रविवार, 22 नवंबर को रामलीला ग्राउंड, सेक्टर-27 में भव्य बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य रूप से उपस्थित होकर बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके मार्गदर्शन और पाथेय से चंडीगढ़ में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आगामी नगर निगम चुनाव की रणनीति को दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि चंडीगढ़ में आगामी नगर निगम चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों को गति देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसमें सभी 575 बूथों से लगभग 11-11 कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश पदाधिकारी, सभी छह जिलों के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी सम्मिलित होंगे। सम्मेलन में लगभग 6,500 कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की भागीदारी अपेक्षित है।
मल्होत्रा ने कहा कि चंडीगढ़ और दिल्ली जैसे महानगरों की अपनी विशिष्ट आवश्यकताएं, स्थानीय मुद्दे और नागरिकों की अपेक्षाएं होती हैं। भाजपा का प्रयास है कि संगठन के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चंडीगढ़ के प्रत्येक मतदाता और समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए चुनाव मैदान में उतरें। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को इसी दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
उन्होंने बताया कि भाजपा उम्मीदवारों के चयन के लिए अपनी लोकतांत्रिक और पारदर्शी आंतरिक प्रक्रिया का पालन करती है। उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया संगठन के स्तर पर जारी है। आगामी एक-दो दिनों में चुनाव समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि चुनाव समिति की बैठक के दौरान फोटोग्राफी के लिए भी आमंत्रित किया जाएगा।
मल्होत्रा ने आगे कहा कि भाजपा का आगामी संकल्प पत्र केवल पार्टी कार्यालय में बैठकर तैयार नहीं किया जाएगा, बल्कि इसमें चंडीगढ़ के नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए शहर की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA), मार्केट एसोसिएशनों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम मतदाताओं से सुझाव एवं राय ली जाएगी। जनभागीदारी के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि शहरवासी आने वाले वर्षों में चंडीगढ़ के विकास, नागरिक सुविधाओं, आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण और नगर निगम की कार्यप्रणाली में किस प्रकार के बदलाव चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के विकास और नगर निगम की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही भविष्य की चुनौतियों और नागरिकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा अपना संकल्प पत्र तैयार करेगी, ताकि शहर के विकास की आगामी रूपरेखा जनभावनाओं और जनसुझावों पर आधारित हो।
सभी 35 वार्डों में जीत का लक्ष्य लेकर चुनाव लड़ेगी भाजपा : सतीश उपाध्याय
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली के मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक चुनाव को पूरी गंभीरता, संगठनात्मक अनुशासन और सुनियोजित रणनीति के साथ लड़ती है। चंडीगढ़ में भी पार्टी का पूरा संगठन चुनावी तैयारियों में जुट चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सभी 35 वार्डों में जीत हासिल करना है और इसी संकल्प के साथ पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने बताया कि भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे एवं वे स्वयं चुनावी तैयारियों के लिए चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। लगातार संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा हो रही है। कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सक्रिय किया जा रहा है और बूथ स्तर पर संगठनात्मक समन्वय को मजबूत किया जा रहा है।
उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विशेषता है कि पार्टी वर्ष के 365 दिन, 24 घंटे संगठनात्मक और जनसेवा की गतिविधियों में सक्रिय रहती है। चुनाव के समय यह संगठनात्मक सक्रियता और अधिक व्यवस्थित रूप से सामने आती है। चंडीगढ़ में भी पार्टी स्थानीय मुद्दों, नागरिकों की अपेक्षाओं और शहर के भविष्य के विकास को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों का चयन पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इसमें सभी आयु वर्गों, विभिन्न क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखा जाएगा। पार्टी समय-समय पर नए चेहरों को भी अवसर देती रही है और संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है।
सतीश उपाध्याय ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का चंडीगढ़ आगमन और बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करेगा। उनके मार्गदर्शन में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों के साथ आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी का स्थानीय नेतृत्व मीडिया के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगा और चुनावी गतिविधियों, अभियान की रूपरेखा तथा संगठन की तैयारियों से संबंधित जानकारियां समय-समय पर साझा करता रहेगा।
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश ने स्पष्ट किया कि आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी का मुख्य फोकस मजबूत संगठन, बूथ प्रबंधन, जनभागीदारी, स्थानीय मुद्दों और शहर के भविष्य के विकास पर रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला 22 नवंबर का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन इसी चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण शुरुआत होगा।