श्री णमोकार महामंत्र पाठ एवं श्री भक्तामर दीपार्चना का श्रद्धापूर्वक आयोजन

चण्डीगढ़ : अहिंसा चैरिटेबल सेवा समिति, चंडीगढ़ के तत्वावधान में श्री णमोकार महामंत्र पाठ एवं श्री भक्तामर दीपार्चना का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ सेक्टर 27 स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में संपन्न हुआ।


इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर सामूहिक रूप से णमोकार महामंत्र का पाठ किया तथा श्री भक्तामर स्तोत्र की दीपार्चना में भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर समिति ने आयोजन के सौजन्यकर्ता श्याम लाल जैन, श्रीमती सुदेश जैन, विकास जैन, श्रीमती दीप्ति जैन एवं अनिमेष जैन का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग एवं धर्म के प्रति समर्पण से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

समिति के मार्ग दर्शक समाज रत्न नवरत्न जैन ने कहा कि णमोकार महामंत्र का सामूहिक जाप एवं भक्तामर दीपार्चना जैसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजन परिवारों एवं समाज को धर्म और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में समिति के अध्यक्ष डॉ अजय जैन ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
पाठ में भारी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार शामिल हुए और धर्म लाभ प्राप्त किया।
