news

आश्वस्त फाउंडेशन ने दिव्यांग बच्चों की देखभाल और जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बढ़ाया सराहनीय कदम

बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और बेहतर आवागमन के लिए वर्षभर चलाया विशेष अभियान; 728 हाइजीन एवं कॉन्टिनेंस केयर सामग्री और 8 व्हीलचेयर वितरित

पुनीत महाजन

चंडीगढ़, बाल दिवस के अवसर पर आश्वस्त फाउंडेशन ट्रस्ट ने स्थायी दिव्यांगता से जूझ रहे बच्चों की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने और उनके जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वर्षभर किए गए अपने प्रयासों को साझा किया। फाउंडेशन की ओर से बच्चों की स्वच्छता, कॉन्टिनेंस केयर और आवागमन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026 में विशेष *क्वार्टरली इंक्लूसिव केयर इनिशिएटिव* चलाया गया, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

इस अभियान के तहत जनवरी से सितंबर 2026 तक तीन तिमाहियों में जरूरतमंद बच्चों को कुल 728 आवश्यक हाइजीन एवं कॉन्टिनेंस केयर सामग्री उपलब्ध करवाई गई। वहीं, अक्टूबर से दिसंबर की तिमाही के लिए अभियान के तहत 8 व्हीलचेयर वितरित की गईं, ताकि विशेष जरूरतों वाले बच्चों को आवागमन में सुविधा मिल सके और वे अधिक आत्मनिर्भर जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें।

फाउंडेशन का उद्देश्य केवल सहायता सामग्री उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उन बच्चों की जरूरतों को भी समाज के सामने लाना है, जिनकी दैनिक देखभाल से जुड़ी समस्याएं अक्सर सामान्य बाल कल्याण योजनाओं और चर्चाओं में अनदेखी रह जाती हैं। स्थायी दिव्यांगता वाले बच्चों की देखभाल परिवारों के लिए भावनात्मक और आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण होती है। विशेषकर उन परिवारों के लिए यह जिम्मेदारी और कठिन हो जाती है, जो पहले से ही आर्थिक सीमाओं का सामना कर रहे हैं।

आश्वस्त फाउंडेशन की संस्थापक इशिता चौधरी ने अभिभावकों को हमेशा हौसला बनाए रखने और अपने बच्चों के प्रति उम्मीद न छोड़ने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि फाउंडेशन अपनी क्षमता के अनुसार बच्चों की उन जरूरी जरूरतों को पूरा करने का निरंतर प्रयास करता रहेगा, जो भले ही सामान्य रूप से दिखाई न देती हों, लेकिन उनके सम्मानजनक और बेहतर जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

इशिता चौधरी ने इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएमएसएसएस), सेक्टर-38 वेस्ट, चंडीगढ़ की प्रिंसिपल नीरजा जैन और स्कूल के रिसोर्स टीचर्स का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के सहयोग, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के कारण ही इस अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना संभव हो पाया है।

यह पूरी पहल भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की *विद्यांजलि (Vidyanjali)* पहल के अंतर्गत संचालित की गई। आश्वस्त फाउंडेशन का यह प्रयास समावेशी विकास की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ समाज को यह संदेश देता है कि प्रत्येक बच्चे को सम्मान, उचित देखभाल और बेहतर जीवन जीने के समान अवसर मिलने चाहिए।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *