Breaking News
news

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के उत्तर भारत अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी दीपावली की शुभकामनाएं दीं*

*पत्रकारों के हित में सरकार के प्रयासों की सराहना की*, *एसोसिएशन की कल्याणकारी योजनाओं से कराया अवगत*

Chandigarh /7.11.2026 :

मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के उत्तर भारत अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान धरणी ने पत्रकारों के कल्याण और मीडिया जगत के हित में प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री को एसोसिएशन की ओर से पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

धरणी ने बताया कि मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन पिछले कई वर्षों से हरियाणा सहित उत्तर भारत में पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था की विशेषता यह है कि पत्रकारों से सदस्यता या बीमा योजनाओं के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता। संस्था की ओर से पात्र पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10-10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस निशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। इन पॉलिसियों का प्रतिवर्ष संस्था की ओर से बिना किसी शुल्क के नवीनीकरण भी कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना अथवा असामयिक मृत्यु की स्थिति में ये बीमा योजनाएं पत्रकारों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती हैं। इसके अतिरिक्त संस्था ने पत्रकारों के लिए 33 लाख रुपये तक की कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा भी शुरू की है। वर्ष 2025-26 में संस्थापक सदस्यों को परिवार सहित इस योजना से जोड़ा गया है। भविष्य में अधिक से अधिक पत्रकारों को इसका लाभ देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

पत्रकारों और परिवारों की मदद पर खर्च किए 48 लाख रुपये से अधिक

चंद्रशेखर धरणी ने मुख्यमंत्री को बताया कि एसोसिएशन अब तक पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता पर 48 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च कर चुकी है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पत्रकारों को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को भी जरूरत के समय सहयोग उपलब्ध करवाया गया है। कई मामलों में पीड़ित पत्रकारों और उनके परिवारों को सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता दिलवाने के लिए भी संस्था ने प्रयास किए हैं।

उन्होंने बताया कि संस्था की गतिविधियों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने वाले सदस्यों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत संस्था के वार्षिक कार्यक्रमों में निर्धारित उपस्थिति दर्ज करवाने वाले सदस्यों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ देने की योजना है।

कैमरामैनों को भी बीमा सुरक्षा के दायरे में लाया

धरणी ने बताया कि एसोसिएशन ने पत्रकारों के साथ फील्ड में काम करने वाले कैमरामैनों की सुरक्षा को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। चंडीगढ़ में कार्यरत कैमरामैनों को 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध करवाने की पहल की गई है। इस कार्य के लिए वरिष्ठ पत्रकार संजय सिंह को कैमरामैन समिति का संयोजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ कैमरामैन भी अनेक जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और कल्याण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

पत्रकारिता के उत्कृष्ट योगदान पर सम्मान और पुरस्कार

एसोसिएशन की ओर से पत्रकार कल्याण के साथ-साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाता है। संस्था प्रत्येक वर्ष तीन प्रमुख सम्मान प्रदान करती है। इनमें पंजाब केसरी के संस्थापक अमर शहीद लाला जगत नारायण अवार्ड, पत्रकारिता रत्न अवार्ड और पत्रकारिता अलंकार अवार्ड शामिल हैं। इन सम्मानों के साथ आर्थिक राशि भी प्रदान की जाती है।

इसके अतिरिक्त संस्था से जुड़े रहे दिवंगत पत्रकार ज्ञानेंद्र भरतरिया, रमेश शर्मा और ज्योति संग की स्मृति को समर्पित पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाता है।

धरणी ने मुख्यमंत्री को बताया कि मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन का मूल उद्देश्य पत्रकारों को केवल सम्मान देना ही नहीं, बल्कि उनके जीवन, स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा के लिए एक मजबूत सहयोग तंत्र विकसित करना भी है। उन्होंने पत्रकार हितों से जुड़े इन प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार के सहयोग और सकारात्मक सोच की सराहना की।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *