वार्ड 6 की बदहाल व्यवस्थाओं पर तलविंदर सिंह ने उठाए सवाल

वार्ड 6 की बदहाल व्यवस्थाओं पर तलविंदर सिंह ने उठाए सवाल
टूटी सड़कें, खराब रास्ते, पार्किंग की समस्या और बिजली कटों से परेशान लोग; बोले—विकास दावों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए

चंडीगढ़। वार्ड नंबर 6 की मूलभूत सुविधाओं और क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर प्रधान एवं समाजसेवी तलविंदर सिंह ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के दावे तो लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन वार्ड की जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है।

तलविंदर सिंह ने कहा कि वार्ड में जगह-जगह पेड़ों की प्रूनिंग व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर पावर ब्लॉक टूटे पड़े हैं, सड़कें उखड़ी हुई हैं और रास्तों की हालत खराब है। इससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने स्थानीय भाजपा पार्षद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पार्षद ने कभी मौके पर जाकर वार्ड की टूटी सड़कों और बदहाल रास्तों का जायजा लिया है? यदि जायजा लिया गया है तो फिर लंबे समय से बनी इन समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हुआ?

फाइबर लाइन की खुदाई ने बढ़ाई परेशानी
तलविंदर सिंह ने Airtel और Jio की फाइबर लाइन डालने के लिए की जा रही खुदाई को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जगह-जगह सड़कें और रास्ते खोदे जा रहे हैं, लेकिन खुदाई के बाद गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों की उचित मरम्मत नहीं होने से परेशानी आम जनता को उठानी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित विभाग और कंपनियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
पार्किंग और बिजली कटों से भी लोग परेशान
उन्होंने कहा कि वार्ड 6 में पार्किंग व्यवस्था भी बड़ी समस्या बन चुकी है। लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं लगातार बिजली कटों के कारण लोगों की मुश्किलें और बढ़ रही हैं।

तलविंदर सिंह ने कहा कि जनता केवल चुनाव के समय याद करने के लिए नहीं है। क्षेत्रवासियों को अच्छी सड़कें, बेहतर पार्किंग, नियमित बिजली, सुरक्षित रास्ते और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “हम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं हैं। हमारी लड़ाई वार्ड 6 की जनता के हक और उसकी मूलभूत सुविधाओं के लिए है। विकास केवल फाइलों और दावों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देना चाहिए।”
तलविंदर सिंह ने दो टूक कहा कि अब जनता अपने सवालों के जवाब चाहती है और जब तक वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक जनता की आवाज मजबूती से उठाई जाती रहेगी।
“जनता की समस्या ही हमारी जिम्मेदारी है और जनता के सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा।”



