news

बिजली व्यवस्था को लेकर सीपीडीएल पर कांग्रेस प्रवक्ता कृष्ण लाल का हमला

बिजली व्यवस्था को लेकर सीपीडीएल पर कांग्रेस प्रवक्ता कृष्ण लाल का हमला

कॉलोनियों में घंटों बिजली कटौती और भारी-भरकम बिलों से लोग परेशान, बिजली की तारों की गुणवत्ता और तकनीकी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

 

चण्डीगढ़ : कांग्रेस के स्थानीय प्रवक्ता एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-26 के प्रधान कृष्ण लाल ने शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर निजी कंपनी सीपीडीएल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब से बिजली विभाग का काम सीपीडीएल को सौंपा गया है, तब से शहर, विशेषकर कॉलोनियों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है और आम लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कृष्ण लाल ने कहा कि बापू धाम कॉलोनी सहित शहर की कई कॉलोनियों में कई-कई घंटे बिजली कटौती की जा रही है। लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गर्मी के मौसम में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को हजारों रुपये के भारी-भरकम बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिन्हें चुकाना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल जमा न कर पाने वाले गरीब परिवारों के बिजली कनेक्शन तक काटे जा रहे हैं।

उन्होंने विशेष रूप से बापू धाम कॉलोनी, सेक्टर-26 में बिजली की तारों को लेकर सवाल उठाए। कृष्ण लाल के अनुसार, निजी कंपनी द्वारा पुरानी स्टील की तारों को हटाकर ऐसी तारें लगाई जा रही हैं, जिन पर पर्याप्त प्लास्टिक कवर नहीं है और जो बिजली का अपेक्षित लोड उठाने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नई तारें डालकर बिजली की सप्लाई शुरू किए जाने के बाद कई बार तारों में आग लग जाती है, जिसके कारण क्षेत्र में कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की बिजली कटौती का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों सहित आम नागरिकों पर पड़ रहा है। उन्होंने बिजली की तारें लगाने के काम में तकनीकी कर्मचारियों की कथित अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर कंपनी के तकनीकी कर्मचारियों की निगरानी के बजाय दिहाड़ी मजदूरों से ही तारें डलवाई जा रही हैं, जिन्हें बिजली से जुड़े तकनीकी कार्यों का पर्याप्त अनुभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।

कृष्ण लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बिजली विभाग का काम निजी हाथों में सौंपे जाने का पहले भी विरोध किया था। उन्होंने कहा कि उस समय सांसद मनीष तिवारी के दिशा-निर्देशों तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में पार्टी की ओर से धरने और प्रदर्शन किए गए थे।

उन्होंने निजी कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और जनहित के मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो कांग्रेस पार्टी इसका डटकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर प्रशासन तक हर स्तर पर आवाज उठाएगी और बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *