news

पंचकूला में सजेगा 500 मूक-बधिर महिलाओं की प्रतिभा का संगम, 16 से होगा छठवें राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन

पंचकूला : अखिल भारतीय बधिर महिला संस्थान से संबंद्ध इकाई हरियाणा फाउंडेशन ऑफ डेफ वुमन ट्रस्ट द्वारा आगामी 16 से 18 अप्रैल तक पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस ऑडिटोरियम में छठवें राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव (बधिर महिलाएँ) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संस्थान की चेयरपर्सन राज्यलक्ष्मी राव के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में पूरे भारत से लगभग 500 दिव्यांग (मूक-बधिर महिलाएँ) भाग लेने पंचकूला पहुँच रही हैं।

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी और फिल्मी हस्तियां होंगी शामिल

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी शिरकत करेंगी। साथ ही, प्रसिद्ध कलाकार मासूम शर्मा, राखी और यशपाल शर्मा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। फिल्म जगत की अन्य नामचीन हस्तियां भी इस मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।

तरुण भंडारी की रही अहम भूमिका

इस विशाल आयोजन की रूपरेखा को सफल बनाने में मुख्यमंत्री हरियाणा के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग और देखरेख में ही देशभर से आने वाली इन 500 महिलाओं के रहने, भोजन और अन्य सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है। उनके ही विशेष आग्रह पर फिल्म जगत के कलाकार इन दिव्यांग महिलाओं का उत्साह बढ़ाने पंचकूला आ रहे हैं।

उत्सव के दौरान प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नृत्य कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मूक-बधिर महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। यह आयोजन समाज में महिला सशक्तिकरण और समावेशिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश करेगा।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *