नाम स्मरण से जीवन में शांति और मोक्ष का मार्ग होता है प्रशस्त : पूज्य पंकज महाराज

नाम स्मरण से जीवन में शांति और मोक्ष का मार्ग होता है प्रशस्त : पूज्य पंकज महाराज

शिवानन्द आश्रम में त्रिदिवसीय भक्ति, योग एवं वेदान्त महोत्सव का श्रद्धापूर्वक समापन

चण्डीगढ़ : शिवानन्द आश्रम, सेक्टर-29 ए, में डिवाइन लाइफ सोसाइटी , चंडीगढ़ शाखा द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय आध्यात्मिक सम्मेलन “कलियुग केवल नाम आधारा” का आज श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच सफलतापूर्वक समापन हो गया। तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर नाम स्मरण, योग, भक्ति और वेदान्त के संदेशों से आत्मिक प्रेरणा प्राप्त की।

समापन दिवस का आरंभ प्रातः ध्यान सत्र एवं सामूहिक नाम जप से हुआ, जिसमें साधकों ने “ॐ नमो नारायण” तथा महामंत्र का श्रद्धापूर्वक उच्चारण करते हुए आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। दिनभर संतों के प्रेरणादायक प्रवचन एवं सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भक्तों को जीवन में ईश्वर स्मरण के महत्व से अवगत कराया गया।
समापन सत्र में पूज्य स्वामी अद्वैतानंद जी महाराज एवं पूज्य स्वामी धर्मनिष्ठानंद जी महाराज द्वारा सामूहिक समापन प्रार्थना कराई गई। संतों ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि कलयुग में ईश्वर का नाम ही मानव जीवन का सबसे सरल और प्रभावशाली सहारा है, जो व्यक्ति को मानसिक अशांति से निकालकर आत्मिक आनंद और संतुलन की ओर ले जाता है।

विशेष आकर्षण के रूप में पूज्य एपीएन पंकज महाराज ने नाम सिमरन की महिमा का अत्यंत सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि निरंतर नाम स्मरण से मनुष्य को आंतरिक शक्ति, धैर्य और ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। 87 वर्ष की आयु में भी उनका लंबे समय तक शांत भाव से बैठकर प्रभु नाम का जप करना श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने कहा कि यह शक्ति केवल नाम सिमरन और भगवान की कृपा से ही संभव है, जो मन और शरीर दोनों को दिव्य ऊर्जा प्रदान करती है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं सत्संग के माध्यम से आत्मिक आनंद का अनुभव किया तथा संतों के मार्गदर्शन से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। सम्मेलन के अंत में संतों के आशीर्वचन, धन्यवाद ज्ञापन, “कलियुग केवल नाम आधारा” नामक पुस्तक का विमोचन एवं प्रसाद वितरण के साथ इस दिव्य आध्यात्मिक आयोजन का विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर डिवाइन लाइफ सोसाइटी, चंडीगढ़ शाखा के सचिव दर्शन कुमार ने कहा कि यह त्रिदिवसीय सम्मेलन समाज में आध्यात्मिक जागृति, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा। उन्होंने बताया कि ऐसे सत्संग और नाम स्मरण के कार्यक्रम लोगों को तनावमुक्त जीवन जीने तथा आत्मिक शांति प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी संतों, श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



