सेक्टर-44 में सेंट जोसेफ स्कूल के सामने सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू

सेक्टर-44 में सेंट जोसेफ स्कूल के सामने सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू
चण्डीगढ़ : सेक्टर-44 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के सामने मुख्य सड़क पर पिछले करीब चार महीनों से बने गहरे गड्ढे को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा लगातार उठाई जा रही समस्या पर अब प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। लंबे समय से इस गड्ढे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
यह सड़क क्षेत्र के लिए एक प्रमुख मार्ग है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और पैदल लोग गुजरते हैं। स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों द्वारा कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया था। अब प्रशासन द्वारा मरम्मत कार्य शुरू किए जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
समाजसेवी अरविंद सिंह ने प्रशासन और नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान होना बेहद जरूरी था। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द पूरा कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
स्थानीय निवासियों ने भी सड़क की मरम्मत शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।



