वर्तमान समय की आवश्यकता है कि हिन्दू समाज संगठित होकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े और एकता का परिचय दे : संत राम शर्मा

वर्तमान समय की आवश्यकता है कि हिन्दू समाज संगठित होकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े और एकता का परिचय दे : संत राम शर्मा
विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन
पंचकूला : सेक्टर-8, पंचकूला में हिन्दू जागरण मंच द्वारा विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच के संरक्षक सुरेश गोयल ने सभी उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद हरियाणा की प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. संतोष गर्ग ने कार्यक्रम का उत्कृष्ट मंच संचालन किया।
मंच के अध्यक्ष मनोहर लाल नागपाल व अन्य सहयोगियों द्वारा आयोजित सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट करना तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश देना रहा।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि समाज सेवी संत राम शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता है कि हिन्दू समाज संगठित होकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े और एकता का परिचय दे। आचार्य जयवीर ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने संयुक्त परिवार की परंपरा को सुदृढ़ करने, आपसी सौहार्द बढ़ाने और भारतीय संस्कृति को अपनाने का आह्वान किया।
आरएसएस के अधिकारी सुमित गोयल ने संघ की विचारधारा एवं उसके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। मंच के संरक्षक आर.पी. मल्होत्रा जी ने हिन्दू समाज को एकजुट रहने तथा जात-पात के भेदभाव को समाप्त करने का आह्वान किया। मंच के अध्यक्ष मनोहर लाल नागपाल ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया और अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर सेक्टर के प्रमुख बंधुओं को भी सम्मानित किया गया। जिनमें समाज सेवी ओम प्रकाश अग्रवाल; समाज सेवी एस आर बहल; रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर पी मल्होत्रा; मंदिर 8 के प्रधान सुभाष अबरोल; पार्क डेवलपमेंट के प्रधान एस एम चौधरी; महिला कीर्तन मंडली की प्रधान एवं धर्म प्रचारक ललिता यादव शामिल हैं।
सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें गणेश वंदना, राम स्तुति, भजन, देशभक्ति गीत एवं संघ गीत शामिल रहे। संस्कार भारती द्वारा चित्र प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसने उपस्थितजनों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
सम्मेलन के समापन पर भारत माता की आरती की गई तथा तत्पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन सौहार्द, अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


