मलोया स्मॉल फ्लैट्स के हजारों परिवारों को दिवाली का तोहफा, किराया घटाकर 800 और ब्याज माफ करने पर हरिशंकर मिश्रा ने जताया आभार
हरिशंकर मिश्रा ने ही 18 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री को लिखा था लेटर, किराया कम करने और ब्याज माफ करने की उठाई थी मांग


चण्डीगढ़ : शहर के हजारों स्मॉल फ्लैट्स और खासकर मलोया स्मॉल फ्लैट्स में रहने वाले हजारों गरीब परिवारों को बड़ी राहत देने के लिए भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरिशंकर मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन जी का आभार व्यक्त किया है।


मिश्रा ने कहा कि उन्होंने 18 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मलोया स्मॉल फ्लैट्स के निवासियों की समस्याओं को उठाया था। पत्र में फ्लैट्स का किराया एक समान करते हुए 800 रुपये प्रतिमाह करने और कोविड काल व उसके बाद लगाए गए ब्याज को पूरी तरह माफ करने की मांग की गई थी। अब चंडीगढ़ प्रशासन ने दोनों मांगों को स्वीकार कर लिया है। जिन परिवारों से 3,000 रुपये प्रतिमाह किराया लिया जा रहा था, उनका किराया घटाकर 800 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही बकाया किराये पर लगाया गया ब्याज भी माफ कर दिया गया है।
मिश्रा ने कहा कि प्रशासन के इस फैसले से हजारों गरीब परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। कम आमदनी में परिवार चलाने वाले लोगों के लिए किराये का बोझ काफी बढ़ गया था। ब्याज की वजह से कई परिवार बकाया राशि जमा नहीं कर पा रहे थे। अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
ये मेरे मलोया के लोगों के लिए दिवाली का तोहफा: मिश्रा
हरिशंकर मिश्रा ने कहा कि यह फैसला मलोया स्मॉल फ्लैट्स में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए दिवाली का तोहफा है। इससे हर परिवार को करीब 10000 से लेकर 50000 रुपए तक की राहत मिलेगी क्योंकि बहुत सारे लोग अलग-अलग परेशानियों की वजह से समय पर किराया नहीं दे पा रहे थे तो उनका ब्याज ही बहुत ज्यादा हो गया था। अब जब ब्याज पूरी तरह से माफ हो जाएगा तो लोग आसानी से अपना मूल किराया चुका पाएंगे। गरीब परिवारों की इस समस्या को गंभीरता से उठाने और उसका समाधान कराने में सहयोग देने वाले सभी नेताओं और प्रशासन का वे हृदय से धन्यवाद करते हैं।

