मनीष तिवारी को मनीमाजरा में जनता द्वारा झेली जा रही रोजमर्रा की समस्याओं से अवगत कराया

मनीष तिवारी को मनीमाजरा में जनता द्वारा झेली जा रही रोजमर्रा की समस्याओं से अवगत कराया
मनीमाजरा : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं समाजसेवी मोहम्मद इरफान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद मनीष तिवारी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं संबंधी ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद मनीष तिवारी को मनीमाजरा में लोगों द्वारा झेली जा रही रोजमर्रा की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में बिजली आपूर्ति, बस सेवा, बच्चों के स्कूलों में दाखिले में आने वाली दिक्कतें, पार्कों में फैली गंदगी, आवारा कुत्तों की समस्या, सफाई व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मनीमाजरा में पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए किए गए प्रयासों पर मनीष तिवारी का धन्यवाद भी किया। श्री मोहम्मद इरफान ने उनसे आग्रह किया कि शेष समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। मनीष तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान उनकी प्राथमिकता है और लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने उनकी सहायता तथा समस्याओं को सुनने के लिए मनीष तिवारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मोहम्मद इरफान ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि मनीष तिवारी हमेशा क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों और सहयोग से क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं, जिससे लोगों को लाभ मिला है और क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में मोहम्मद इरफान के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शमीम अहमद, परवेज अहमद तथा अन्य कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी शामिल थे।




