कलाग्राम में हंसी का धमाका, पंजाबी रंग में दिखा प्रेम-भ्रम और जादू
बाबा घसीटे दी नाटक मंडली’ ने बांधा समां, शेक्सपियर की कहानी को मिला देसी तड़का


चण्डीगढ़ : कलाग्राम में चल रहे कॉमेडी फेस्टिवल के दूसरे दिन पंजाबी नाटक ‘बाबा घसीटे दी नाटक मंडली’ का मंचन हुआ। नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित इस फेस्टिवल में कलाकारों ने हास्य, संगीत और पंजाबी लोक रंगमंच की जीवंत शैली से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।


पंजाबी नाटककार आई.सी. नंदा (ईश्वर चंद नंदा) द्वारा विलियम शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक ‘ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम’ पर आधारित इस रूपांतरण में प्रेम, भ्रम, जादू, गलत पहचान और गलतफहमियों को पंजाबी परिवेश में बेहद मनोरंजक अंदाज में पेश किया गया।


नाटक का डिजाइन एवं निर्देशन डॉ. आदीश कुमार वर्मा, सहायक आचार्य, प्रदर्शन और ललित कला विभाग, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ पंजाब, बठिंडा ने किया। कलाकारों की संवाद अदायगी, हाव-भाव और कॉमिक टाइमिंग ने प्रस्तुति में जान डाल दी। पारंपरिक नाटक मंडली की शैली में संगीत और हास्य के तड़के ने दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखा। हास्य प्रसंगों पर दर्शकों की हंसी और तालियों से कलाग्राम गूंजता रहा।मंचन से पहले कलाग्राम म्यूजिक क्लास के स्टूडेंट्स ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी ।

एनजेडसीसी के निदेशक प्रो. अश्विन एम. दलवी और उनकी टीम ने फेस्टिवल के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर राजेश बख्शी ने बताया कि फेस्टिवल में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है।
रविवार को ‘अरे शरीफ लोग’ से होगा समापन
फेस्टिवल के अंतिम दिन रविवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की टीम ‘अरे शरीफ लोग’ नाटक लेकर पहुंचेगी। इसका निर्देशन डॉ. मुकेश उपाध्याय और सुनील चौहान करेंगे। सीटें सीमित हैं, इसलिए दर्शकों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।


