news

सेक्टर मार्केटों में नए वेंडर साइट्स बनाने का चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने किया कड़ा विरोध

सेक्टर मार्केटों में नए वेंडर साइट्स बनाने का चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने किया कड़ा विरोध

संयुक्त आयुक्त नगर निगम को सौंपा ज्ञापन, बाजारों के बाहर वेंडर जोन विकसित करने की मांग

चण्डीगढ़ : चण्डीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर निगम, चंडीगढ़ के संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता से मुलाकात कर शहर के सेक्टर मार्केटों में नए वेंडर साइट्स बनाए जाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध दर्ज कराया तथा विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों की ओर से प्राप्त विरोध-पत्र एवं ज्ञापन उन्हें सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा एवं चेयरमैन चरणजीव सिंह ने किया। इस अवसर पर सुशील बंसल, हरजीत सिंह, सनी पुरी, राधेलाल बजाज सहित विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के अध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने संयुक्त आयुक्त को बताया कि शहर के अधिकांश सेक्टर मार्केट पहले से ही अत्यधिक भीड़भाड़, पार्किंग की गंभीर कमी, सीमित पैदल आवागमन तथा स्वच्छता संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में बाजारों के भीतर नए वेंडर साइट्स बनाए जाने से यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होगी, भीड़ बढ़ेगी तथा कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियाँ भी उत्पन्न हो सकती हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहर के ईमानदारी से कर अदा करने वाले हजारों व्यापारी पहले से ही अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। बाजारों के भीतर अतिरिक्त वेंडिंग की अनुमति दिए जाने से उनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में पहले से स्थापित अनेक वेंडर साइट्स पर अभी भी पर्याप्त स्थान खाली हैं, जहाँ नए वेंडर्स को आसानी से समायोजित किया जा सकता है। इसलिए नए वेंडर साइट्स सेक्टर मार्केटों के भीतर बनाने के बजाय उपलब्ध स्थानों का उपयोग किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने कहा कि सेक्टर मार्केटों में अतिरिक्त वेंडर साइट्स बनाए जाने का कोई भी निर्णय शहर के व्यापारियों के हितों के विपरीत होगा। यदि ऐसा किया गया तो चंडीगढ़ व्यापार मंडल इसका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से पुरजोर विरोध करेगा।

चेयरमैन चरणजीव सिंह ने कहा कि सेक्टर मार्केटों में पहले से ही पार्किंग और पैदल चलने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इसलिए नए वेंडर जोन बाजारों के भीतर बनाने के बजाय शहर में उपयुक्त स्थानों पर, बाजारों से बाहर विकसित किए जाने चाहिए, जिससे व्यापारियों, ग्राहकों और रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं-सभी के हितों का संतुलन बना रहे।

संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने व्यापार मंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि नए वेंडिंग पॉलिसी को अंतिम रूप देने के संबंध में आयोजित होने वाली बैठक में व्यापारियों द्वारा व्यक्त सभी चिंताओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। ये जानकारी सीबीएम के उपाध्यक्ष एवं आधिकारिक प्रवक्ता दीवाकर सहूंजा ने दी।

[ 94631 00013 ]

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *