चंडीगढ़ सेक्टर-23 डी में सरकारी स्कूल के साथ लगते अवैध पार्किंग से राहगीर परेशान, नो पार्किंग बोर्ड के बावजूद कार्रवाई नहीं


पुनीत महाजन
चंडीगढ़, 26 अक्टूबर 2026
चंडीगढ़ के सेक्टर-23 डी स्थित गवर्नमेंट मॉडल मिडिल स्कूल के सामने अवैध पार्किंग की समस्या स्थानीय निवासियों और आम राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यहां मकान नंबर 3542 से 3563 तक सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है। इस कारण वाहन चालकों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


स्थनीय स्तर पर सामने आ रही इस समस्या का एक गंभीर पहलू यह भी है कि सड़क के एक तरफ पार्क और दूसरी तरफ मकान होने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए जगह सीमित है। इसके बावजूद सड़क के दोनों ओर गाड़ियां खड़ी होने से रास्ता संकरा हो जाता है और जाम जैसी स्थिति पैदा होती है।
हैरानी की बात यह है कि संबंधित स्थान पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से नो पार्किंग’ का बोर्ड भी लगाया गया है लेकिन इसके बावजूद वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे सवाल उठता है कि जब मौके पर नो पार्किंग का बोर्ड मौजूद है, तो नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
यह समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। यदि किसी मकान में आग लगने, किसी व्यक्ति के अचानक बीमार होने या किसी अन्य आपात स्थिति में एंबुलेंस अथवा फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर पहुंचना पड़े, तो सड़क पर खड़े वाहनों के कारण देरी हो सकती है। ऐसी स्थिति में कुछ मिनटों की देरी भी भारी पड़ सकती है।
इस संबंध में चंडीगढ़ प्रशासन, चंडीगढ़ पुलिस के ट्रैफिक विभाग और संबंधित थाना पुलिस को मामले का संज्ञान लेना चाहिए। प्रशासन से मांग है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क पर आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे।
अब देखने वाली बात यह है कि नो पार्किंग का बोर्ड होने के बावजूद जारी इस समस्या पर संबंधित विभाग कब कार्रवाई करते हैं और स्थानीय लोगों तथा राहगीरों को इस परेशानी से कब राहत मिलती है।
