हल्लोमाजरा के सरकारी स्कूल को सीनियर सेकेंडरी बनाने की मांग, भाजयुमो अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपा पत्र

हल्लोमाजरा के सरकारी स्कूल को सीनियर सेकेंडरी बनाने की मांग, भाजयुमो अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपा पत्र 
चण्डीगढ़ : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अभय झा ने वीरवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर राजकीय उच्च विद्यालय, हल्लोमाजरा को सीनियर सेकेंडरी स्कूल के रूप में अपग्रेड करने की मांग उठाई। चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए पत्र में विद्यालय को दसवीं से बढ़ाकर बारहवीं तक करने और शैक्षणिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की मांग की गई। अभय झा ने पत्र में कहा कि वर्तमान में स्कूल में केवल दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है, जिसके कारण ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों को दूर स्थित स्कूलों में दाखिला लेना पड़ता है। इससे अभिभावकों, विशेषकर मध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक और व्यावहारिक बोझ पड़ता है। उन्होंने स्कूल में कक्षा-कक्षों की कमी, खेल मैदान और खेल सुविधाओं के अभाव का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए इन सुविधाओं का होना आवश्यक है। अभय झा ने कहा कि हल्लोमाजरा क्षेत्र के निवासियों की यह लंबे समय से मांग रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द कार्रवाई की जाएगी। पत्र में स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्तर तक अपग्रेड करने, अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण, आधुनिक शैक्षणिक ढांचे के विकास, खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई है।



