मनीमाजरा में समय पर बिजली बिल न मिलने से लोग परेशान, प्रशासन तत्काल समाधान करे: पवनदीप सिंह सनी, कांग्रेस जिला महासचिव

मनीमाजरा में समय पर बिजली बिल न मिलने से लोग परेशान, प्रशासन तत्काल समाधान करे: पवनदीप सिंह सनी, कांग्रेस जिला महासचिव 
मनीमाजरा : क्षेत्र के अनेक निवासी पिछले दो से चार महीनों से समय पर बिजली के बिल न मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं। बिल समय पर प्राप्त न होने के कारण उपभोक्ताओं को देरी से भुगतान करना पड़ रहा है, जिससे उन पर लेट फीस का अतिरिक्त बोझ भी पड़ रहा है। इस समस्या से आम जनता में भारी रोष और चिंता का माहौल है। कांग्रेस जिला महासचिव पवनदीप सिंह सनी ने कहा कि यह प्रशासन की गंभीर लापरवाही है। जब उपभोक्ताओं को समय पर बिजली का बिल ही नहीं मिलेगा, तो वे समय पर भुगतान कैसे करेंगे? इसके बावजूद लोगों से लेट फीस वसूलना पूरी तरह अनुचित है।उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की कि मनीमाजरा के सभी उपभोक्ताओं को समय पर बिजली के बिल उपलब्ध कराए जाएं तथा जिन लोगों पर केवल बिल समय पर न मिलने के कारण लेट फीस लगी है, उसे तुरंत माफ किया जाए।पवनदीप सिंह सनी ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा इस समस्या की कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस समस्या का शीघ्र समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।



