news

नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : शाम लाल बंसल

पंचकूला में ‘नशा मुक्त युवा के लिए पैदल मार्च’ में युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

पंचकूला : ताऊ देवी लाल खेल परिसर, पंचकूला में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के अंतर्गत “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत” कार्यक्रम के तहत “नशा मुक्त युवा के लिए पैदल मार्च” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचकूला नगर निगम के महापौर शाम लाल बंसल के साथ पार्षद राकेश गोयल, दीपक गर्ग, राकेश जगोता, मनीषा जांगड़ा, ज्योति प्रसाद एवं अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम 100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर हरियाणा के राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित, जिला युवा अधिकारी पंचकूला स्नेग्धा सिंह, सहायक निदेशक ईशा गुप्ता सहित नगर निगम के पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।

महापौर शाम लाल बंसल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देकर ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

पार्षद राकेश गोयल ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पार्षद दीपक गर्ग ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देना हम सभी का दायित्व है।

पार्षद राकेश जगोता ने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज की नींव हैं। युवाओं को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।

पार्षद मनीषा जांगड़ा ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार और अभिभावकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण देना चाहिए।

पार्षद ज्योति प्रसाद ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता को जनआंदोलन बनाना होगा। युवाओं की भागीदारी इस अभियान को नई मजबूती प्रदान करती है।

पार्षद अशोक कुमार ने कहा कि खेल और स्वस्थ जीवनशैली युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रत्येक युवा को नशे के खिलाफ इस अभियान से जुड़ना चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से “नशा मुक्त युवा—विकसित भारत” का संदेश दिया गया और युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने साथियों और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *