अहिंसा चैरिटेबल सेवा समिति द्वारा 6वें रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन 28 जून को : प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करेंगे शिविर का उद्घाटन

अहिंसा चैरिटेबल सेवा समिति द्वारा 6वें रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन 28 जून को : प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करेंगे शिविर का उद्घाटन

चण्डीगढ़ : समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत अहिंसा चैरिटेबल सेवा समिति द्वारा रविवार, 28 जून को प्रातः 9:00 बजे से सामुदायिक केंद्र, सेक्टर-38 वेस्ट में 6वें विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष डॉ. अजय जैन ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना तथा समाज में सेवा और मानवता की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

समिति के मार्गदर्शक और वरिष्ठ समाज सेवी राजेंद्र प्रसाद जैन डीएमसी ने जानकारी दी कि रक्तदान शिविर का संचालन गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-16, चंडीगढ़ की ब्लड ट्रांसफ्यूजन टीम द्वारा किया जाएगा, जबकि मैक्स हॉस्पिटल, मोहाली द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं जांच सेवाएं प्रदान करेंगे।
समिति के महासचिव रजनीश जैन ने बताया कि इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जो शिविर का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य अभियंता सीबी ओझा तथा वार्ड नंबर 38 वेस्ट की पार्षद गुरबख्श रावत को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। समिति के वरिष्ठ सलाहकार नवरतन जैन ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है।
समिति के कोषाध्यक्ष सचिन जैन ने बताया कि रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, अल्पाहार एवं स्मृति उपहार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस अभियान में भाग लेने का आह्वान किया। समिति के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने बताया कि शिविर की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं तथा स्वयंसेवकों की विभिन्न टीमों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। समिति के सभी सदस्यों ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों एवं रक्तदाताओं के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समिति ने चंडीगढ़ एवं आसपास के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस मानव सेवा के महायज्ञ में भाग लेकर रक्तदान करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।



