news

7.25 करोड़ की लागत से बना रेलवे अंडरपास सात साल में ही दरारों की चपेट में: राजबीर सिंह भारतीय

ऊपर दौड़ती रेलगाड़ियां, नीचे हजारों वाहन; बरसात में छत से रिसता पानी बढ़ा रहा खतरा: ममता सिंह राजपूत

चंडीगढ़ 19.9.26

7.25 करोड़ की लागत से बना रेलवे अंडरपास सात साल में ही दरारों की चपेट में: राजबीर सिंह भारतीय

ऊपर दौड़ती रेलगाड़ियां, नीचे हजारों वाहन; बरसात में छत से रिसता पानी बढ़ा रहा खतरा: ममता सिंह राजपूत

 

126-B अंडरपास का तत्काल स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट करवाकर स्थायी मरम्मत हो, हादसे का इंतजार न करे प्रशासन: सुभाष धीमान

मनीमाजरा, 19 सितंबर।

मनीमाजरा मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के नजदीक स्थित रेलवे अंडर ब्रिज क्रॉसिंग नंबर 126-B की छत में दिखाई दे रही दरारों और बरसात के दौरान हो रहे पानी के रिसाव को लेकर ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-13 चंडीगढ़ ने गंभीर चिंता जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय और चेयरमैन सुभाष धीमान ने रेलवे तथा चंडीगढ़ प्रशासन से अंडरपास की तत्काल तकनीकी जांच करवाकर आवश्यक स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि लगभग 7.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया यह महत्वपूर्ण अंडरपास अभी करीब सात वर्ष पुराना ही है, लेकिन इसकी छत में दरारें दिखाई देना और बारिश के दौरान पानी का रिसाव होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में सार्वजनिक उपयोग की महत्वपूर्ण संरचना में ऐसी समस्या सामने आने पर निर्माण गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती और रखरखाव की विशेषज्ञ जांच आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि परियोजना का नींव पत्थर 14 अगस्त 2017 को तत्कालीन चंडीगढ़ सांसद किरण खेर ने रखा था तथा 11 नवंबर 2019 को इसका उद्घाटन किया गया था। परियोजना में करीब 2 करोड़ रुपये रेलवे तथा 5.25 करोड़ रुपये चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से खर्च किए गए थे।

 

ऊपर रेल यातायात, नीचे हजारों वाहनों की आवाजाही:

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि क्रॉसिंग नंबर 126-B सामान्य अंडरपास नहीं है। ऊपर से प्रतिदिन रेलगाड़ियां गुजरती हैं, जबकि नीचे से हजारों दोपहिया वाहन, कार, ऑटो और अन्य वाहन आवागमन करते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान पर छत में दरारें और लगातार पानी का रिसाव सुरक्षा की दृष्टि से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

 

उन्होंने कहा कि यदि बारिश का पानी लगातार संरचना के भीतर पहुंच रहा है तो समय के साथ स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए केवल दरारों की ऊपरी मरम्मत करने के बजाय उनके वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना चाहिए।

 

हादसे के बाद नहीं, हादसे से पहले जागे प्रशासन: सुभाष धीमान

 

एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि अंडरपास की मौजूदा स्थिति को लेकर प्रशासन और रेलवे को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और किसी संभावित हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही सुरक्षा के आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

 

 

सुभाष धीमान ने कहा कि केवल दरारों पर सीमेंट या अन्य सामग्री लगाकर खानापूर्ति करना पर्याप्त नहीं होगा। विशेषज्ञों द्वारा यह जांचना जरूरी है कि दरारें किस कारण आई हैं, पानी का रिसाव कहां से हो रहा है और अंडरपास की संरचनात्मक मजबूती पर इसका कोई प्रभाव पड़ा है या नहीं।

 

ममता सिंह राजपूत ने मांग की कि रेलवे और चंडीगढ़ प्रशासन की संयुक्त विशेषज्ञ टीम द्वारा तत्काल स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट करवाया जाए। छत, दीवारों, जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य संरचनात्मक हिस्सों की विस्तृत जांच करवाई जाए और विशेषज्ञ रिपोर्ट के आधार पर स्थायी मरम्मत कराई जाए।

जिम्मेदारी भी तय हो और नियमित तकनीकी निगरानी हो:

 

राजबीर सिंह भारतीय, सुभाष धीमान, ममता सिंह राजपूत ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि तकनीकी जांच में निर्माण संबंधी कोई कमी सामने आती है तो संबंधित एजेंसी या जिम्मेदार पक्ष की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न आए, इसके लिए अंडरपास की नियमित तकनीकी निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि “यह केवल एक अंडरपास की मरम्मत का मामला नहीं है, बल्कि ऊपर रेलगाड़ियों और नीचे हजारों लोगों की सुरक्षित आवाजाही से जुड़ा मामला है। प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए। समय रहते तकनीकी जांच, स्थायी मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा उपाय करके संभावित अनहोनी को टाला जा सकता है।”

 

एसोसिएशन ने रेलवे और चंडीगढ़ प्रशासन से इस मामले को जनसुरक्षा की दृष्टि से सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा अंडरपास की स्थिति की तत्काल समीक्षा करने की अपील की है।

 

राजबीर सिंह भारतीय

अध्यक्ष

सुभाष धीमान

चेयरमैन

ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *