news

व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट में चण्डीगढ़ की टीम ने जीता खिताब

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित : विजेता टीम को 21 हजार और उपविजेता को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार

व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट में चण्डीगढ़ की टीम ने जीता खिताब

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित : विजेता टीम को 21 हजार और उपविजेता को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता ने पंजाब और चंडीगढ़ के 24 खिलाड़ियों को दी आधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर, पीसीए मैदान में फ्लडलाइट के नीचे अगला मुकाबला करवाने का किया ऐलान

व्हीलचेयर क्रिकेट साहस, संघर्ष और आत्मविश्वास का प्रतीक : डॉ. रूपेश कुमार सिंह

 

चण्डीगढ़ : सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज के खेल मैदान में आज व्हीलचेयर क्रिकेट के रोमांच, खिलाड़ियों के साहस और दृढ़ संकल्प का शानदार नजारा देखने को मिला। व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन, चंडीगढ़ (ट्राइसिटी) की ओर से आयोजित एक दिवसीय टी-20 टूर्नामेंट का भव्य आयोजन हुआ। पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों के बीच तीन रोमांचक टी-20 मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट में चंडीगढ़ की टीम ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि पंजाब की टीम उपविजेता रही।

 

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया व कहा कि इन दिव्यांगजनों को शाबाशी देते हुए कहा कि उनके जज्बे और हौंसले ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है।

 

फाइनल मुकाबले के बाद विजेता चंडीगढ़ की टीम और उपविजेता पंजाब की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया।

 

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने की एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना

 

मुख्य अतिथि गुलाब चंद कटारिया ने व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का यह कार्य बेहद सराहनीय है।

 

उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा कार्य बहुत ही सराहनीय है। मैं इस शानदार आयोजन के लिए एसोसिएशन को बहुत-बहुत बधाई देता हूं और पंजाब व चंडीगढ़ की दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। खिलाड़ियों का साहस, आत्मविश्वास और खेल के प्रति जुनून सभी के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

 

उन्होंने विजेता चंडीगढ़ की टीम और उपविजेता पंजाब की टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

अमरजीत मेहता ने 24 खिलाड़ियों को दी आधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर

 

टूर्नामेंट के सुबह शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों के कुल 24 खिलाड़ियों को आधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर प्रदान कीं। इनमें पंजाब की टीम के 12 और चंडीगढ़ की टीम के 12 खिलाड़ी शामिल रहे।

 

अमरजीत मेहता ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने से वे उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। आधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर मिलने से खिलाड़ियों को खेल के दौरान बेहतर सुविधा और गतिशीलता मिलेगी तथा वे अधिक आत्मविश्वास के साथ मैदान पर प्रदर्शन कर सकेंगे।

 

उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगला व्हीलचेयर क्रिकेट मुकाबला पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मैदान में फ्लडलाइट के नीचे आयोजित करवाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण और बड़े मंच पर खेलने का अवसर मिल सके।

 

डीएवी कॉलेज की प्रिंसिपल मोना नारंग ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

 

दयानंद एंग्लो वैदिक कॉलेज, सेक्टर-10 की प्रिंसिपल श्रीमती मोना नारंग भी आयोजन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके जज्बे, मेहनत तथा खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उनका आत्मविश्वास और संघर्ष सभी के लिए प्रेरणादायक है।

 

कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित इस टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने चौकों और छक्कों के साथ अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

 

चंडीगढ़ की टीम ने जीता खिताब, पंजाब रही उपविजेता

 

सुबह 9:30 बजे पहले मुकाबले के साथ शुरू हुए इस टूर्नामेंट में पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों के बीच कुल तीन टी-20 मैच खेले गए। पूरे दिन मैदान पर क्रिकेट का रोमांच बना रहा। खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, आत्मविश्वास और खेल भावना से दर्शकों को प्रभावित किया।

 

फाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ की टीम ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया, जबकि पंजाब की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

 

व्हीलचेयर क्रिकेट साहस, संघर्ष और आत्मविश्वास का प्रतीक : डॉ. रूपेश कुमार सिंह

 

व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रूपेश कुमार सिंह ने कहा कि व्हीलचेयर क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि साहस, संघर्ष, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। आज खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और जज्बे के साथ मैदान पर प्रदर्शन किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

 

उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियां किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा और खेल के प्रति जुनून को रोक नहीं सकतीं। एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।

 

उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान श्री अमरजीत मेहता द्वारा पंजाब और चंडीगढ़ के 24 खिलाड़ियों को आधुनिक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने तथा फ्लडलाइट में अगला मुकाबला आयोजित करवाने की घोषणा का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि गुलाब चंद कटारिया, डीएवी कॉलेज की प्रिंसिपल श्रीमती मोना नारंग और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का भी धन्यवाद किया।

 

ट्राइसिटी के खेल प्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

 

चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली सहित ट्राइसिटी के खेल प्रेमियों ने आयोजन में रुचि दिखाई और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। दर्शकों की तालियों और समर्थन से मैदान में विशेष ऊर्जा देखने को मिली।

 

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभा, साहस, संघर्ष, आत्मविश्वास और खेल भावना का उत्सव रहा। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह संदेश दिया कि मजबूत जज्बे और निरंतर मेहनत के साथ हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।

 

एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे उपस्थित

 

इस अवसर पर व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक कुमार शर्मा, महासचिव कमलजीत सिंह, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. एच.के. बाली, वित्तीय सलाहकार प्रमोद बिंदल, कानूनी सलाहकार अधिवक्ता संजीव शर्मा, मीडिया सलाहकार सुरिंदर गोयल तथा कार्यकारी समिति के सदस्य मुनीष शारदा, सर्वप्रिय निरमोही और गौतम शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

एसोसिएशन ने कहा कि आज का टूर्नामेंट व्हीलचेयर क्रिकेट को नई पहचान देने और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखे जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, अधिक अवसर और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़े मंच उपलब्ध हो सकें।

 

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *