बिना मंच के नाटक ने सैकड़ों लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश: राजबीर सिंह भारतीय
शिवालिक गार्डन में फिर उठी ओपन एयर थिएटर की मांग: राजबीर सिंह भारतीय

स्थायी ओपन एयर थिएटर होता तो सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम और प्रभावी ढंग से होते : राजबीर सिंह भारतीय भारतीय

मनीमाजरा, चंडीगढ़, 22 सितंबर 2026।

मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन में मंगलवार को थिएटर आर्ट्स चंडीगढ़ के कलाकारों द्वारा नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर, पटियाला तथा मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के सहयोग से ‘सेवा ही संस्कृति’ नाटक का सफल मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन राजीव मेहता ने किया। बिना किसी स्थायी मंच के प्रस्तुत किए गए इस नाटक के माध्यम से कलाकारों ने शिवालिक गार्डन में मौजूद सैकड़ों महिला-पुरुषों और बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से लोगों को संदेश दिया कि अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखें, खुले में गंदगी न फैलाएं और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रभावशाली प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम कलाग्राम के प्रोग्राम अधिकारी राजेश बक्शी के निर्देश तथा प्रवीण कुमार वालिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय उपस्थित रहे। उनके साथ एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान, प्रधान श्याम सुंदर तथा समाजसेवी राज सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
“आज फिर महसूस हुई ओपन एयर थिएटर की जरूरत”—राजबीर भारतीय
इस अवसर पर राजबीर सिंह भारतीय ने नाटक मंडली के सभी कलाकारों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि कलाकारों ने बिना किसी स्थायी मंच के जिस प्रभावशाली तरीके से सामाजिक और स्वच्छता का संदेश जनता तक पहुंचाया, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम स्वयं इस बात का प्रमाण है कि शिवालिक गार्डन में ओपन एयर थिएटर की आवश्यकता कितनी महत्वपूर्ण है। यदि यहां स्थायी ओपन एयर थिएटर उपलब्ध होता तो नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अधिक व्यवस्थित तथा प्रभावी ढंग से जनता के सामने प्रस्तुत किया जा सकता था।
भारतीय ने कहा कि उनकी एसोसिएशन की ओर से पहले ही 11.09.2026 मनीमाजरा आगमन पर माननीय चंडीगढ़ प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया के संज्ञान में शिवालिक गार्डन में ओपन एयर थिएटर बनाए जाने की आवश्यकता लाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मनीमाजरा जैसे बड़े क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्थायी मंच का होना क्षेत्र के बच्चों, युवाओं और स्थानीय कलाकारों के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि ओपन एयर थिएटर में नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक जागरूकता अभियान, बच्चों की प्रतिभा प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इससे मनीमाजरा में कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
“स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी”
राजबीर सिंह भारतीय ने उपस्थित क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी न फैलाएं और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में प्रशासन एवं नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए नागरिकों की जागरूकता के साथ-साथ प्रशासन और नगर निगम को पर्याप्त संसाधन, आधुनिक उपकरण और मजबूत सफाई व्यवस्था उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है।
सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए पर्याप्त सफाई सैनिक जरूरी: राजबीर सिंह भारतीय
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई सैनिकों की भर्ती, आधुनिक सफाई उपकरण, नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था, पर्याप्त डस्टबिन, सफाई वाहनों तथा अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाना जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि केवल नागरिकों से स्वच्छता की अपील करने से व्यवस्था पूरी नहीं होगी। जनता की जिम्मेदारी और प्रशासन की मजबूत व्यवस्था दोनों साथ चलेंगी, तभी स्वच्छ एवं सुंदर चंडीगढ़ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कलाकारों की प्रस्तुति को मिला दर्शकों का समर्थन:
नाटक में योगेश अरोड़ा, राजीव मेहता, भूपिंदर सिंह संधू, आशा सकलानी, मुकेश चंदेलिया, राहुल वर्मा, तेजिंदर जोशी, संदीप कुमार, हरप्रीत सिंह, जसवीर जस्सी, रविंदर सिंह रावत, दिलप्रीत कौर, रितिका, दीक्षा गुलाटी, जतिंदर सिंह शम्मी, आरव अरोड़ा, साहिल ग्रोवर और मास्टर विनय सिंह ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं।
राजबीर सिंह भारतीय ने नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर, पटियाला, मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर, कलाग्राम, कार्यक्रम अधिकारियों, नाटक के निर्देशक राजीव मेहता, प्रवीण कुमार वालिया के नेतृत्व में पूरी टीम तथा उपस्थित सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति के माध्यम से दिया गया सामाजिक संदेश सीधे जनता तक पहुंचता है, इसलिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने पुनः कहा कि शिवालिक गार्डन में ओपन एयर थिएटर की मांग को उचित मंच पर आगे भी उठाया जाएगा, ताकि मनीमाजरा को सामाजिक, सांस्कृतिक और जन-जागरूकता गतिविधियों के लिए एक स्थायी एवं बेहतर सार्वजनिक मंच मिल सके।
जारीकर्ता:
राजबीर सिंह भारतीय
अध्यक्ष, ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13, चंडीगढ़



