Breaking News
news

जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की वर्चुअल मासिक बैठक में पत्रकार हितों और सुरक्षा पर हुई चर्चा

पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यूनिक आईडी की व्यवस्था का सुझाव

प्रयागराज। जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की वर्चुअल मासिक बैठक में देशभर के पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने अपने विचार रखते हुए पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी पहचान सुनिश्चित करने और पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर जोर दिया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने बताया कि जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक सुझाव पत्र भेजा गया है। इसमें देशभर में कार्यरत पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया है।

डॉ. सक्सेना ने कहा कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) की तर्ज पर प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) अथवा किसी अन्य उपयुक्त संस्था के माध्यम से पत्रकारों का विवरण एक केंद्रीकृत पोर्टल पर दर्ज करने की व्यवस्था बनाई जा सकती है। इसके तहत प्रत्येक पत्रकार को एक विशिष्ट यूनिक आईडी नंबर जारी किया जाए, जिससे उनकी पहचान सत्यापित करने में सुविधा हो।

उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन, सार्वजनिक कार्यक्रमों तथा अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में पत्रकारों को अपने पेशेवर कार्य के दौरान पहचान संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यूनिक आईडी की व्यवस्था पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने तथा उनके कार्य में सहूलियत प्रदान करने की दिशा में उपयोगी कदम साबित हो सकती है।

बैठक में विभिन्न राज्यों के पत्रकारों ने भी इस प्रस्ताव पर अपने विचार रखे। उत्तर प्रदेश से बी. त्रिपाठी एवं संजय सिंह, राजस्थान से राजू चारण, मध्यप्रदेश से दिनेश दसौंधी, हरिशंकर पाराशर एवं मईन अख्तर, बिहार से पिंटू कुमार तथा चंडीगढ़ से आर. एल. शर्मा और नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य पत्रकारों ने चर्चा में भाग लिया।

वक्ताओं ने कहा कि देशभर में कार्यरत पत्रकारों का व्यवस्थित आंकड़ा उपलब्ध होने से सरकार को उनकी वास्तविक संख्या, कार्यक्षेत्र और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। इससे पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित योजनाएं तैयार करने में भी सहायता मिलेगी।

बैठक का संचालन करते हुए संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने सभी पत्रकारों से संगठन के प्रति जिम्मेदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाना तथा संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है।

अंत में डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने बैठक में बड़ी संख्या में शामिल हुए पदाधिकारियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। बैठक में पत्रकारों की एकजुटता, पहचान और हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *