क्रॉफेड की नई पहल : विभिन्न क्षेत्रों में शहर का नाम रोशन करने वालों को ‘चंडीगढ़ गौरव सम्मान’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा

क्रॉफेड की नई पहल : विभिन्न क्षेत्रों में शहर का नाम रोशन करने वालों को ‘चंडीगढ़ गौरव सम्मान’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा
चण्डीगढ़ : शहर की आरडब्ल्यूए’ज़ की प्रतिनिधि अग्रणी संस्था क्रॉफेड की बैठक चेयरमैन हितेश पुरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें संस्था के महासचिव डॉ. अनीश गर्ग ने कहा कि क्रॉफेड चण्डीगढ़ की प्रमुख एवं प्रतिष्ठित संस्थाओं में से एक है, और ऐसे में शहर की जनता की अपेक्षाएँ भी हमसे कहीं अधिक हैं।
उन्होंने कहा कि क्रॉफेड न केवल चंडीगढ़ के निवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि अब संस्था सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है। चंडीगढ़ का कोई भी मूल निवासी यदि राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, खेल, साहित्य, कला या किसी भी सामाजिक क्षेत्र में चंडीगढ़ का नाम रोशन करता है, तो उसे क्रॉफेड द्वारा ‘चंडीगढ़ गौरव सम्मान’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य चंडीगढ़ की प्रतिभाओं को सम्मानित कर समाज में प्रेरणा का वातावरण सृजित करना और शहर की पहचान को वैश्विक स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करना है। इस बैठक में सर्बजीत सिंह लहरी, वित सचिव, सुशील मल्होत्रा, देस राज शर्मा, शिवम पुरी, रजनीश चौधरी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।



