काम शुरू करके बीच में रोकना जनता के साथ धोखा, अब धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर न करें प्रशासन : ममता सिंह राजपूत
मनीमाजरा की जनता लंबे समय से परेशान, बार-बार उद्घाटन के बावजूद सड़कों का काम अधर में:

Chandigarh 15.9.2026
वार्ड नंबर 6 की समाजसेवी ममता सिंह राजपूत ने मनीमाजरा क्षेत्र की सड़कों की दयनीय स्थिति और शुरू किए गए विकास कार्यों को बीच में रोक दिए जाने पर प्रशासन के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से टूटी-फूटी सड़कों, गड्ढों और अधूरे विकास कार्यों के कारण भारी परेशानी झेल रही है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे।

समाजसेवी ममता सिंह राजपूत ने कहा कि सड़कों के काम का बार-बार उद्घाटन होना और फिर काम शुरू करके उसे बीच में रोक देना जनता के साथ मजाक है। जब काम शुरू किया जाता है तो लोगों को उम्मीद बंधती है कि अब समस्या का समाधान होगा, लेकिन कुछ समय बाद काम बंद कर दिया जाता है। इससे बड़ी संवेदनहीनता की बात और क्या हो सकती है?
उन्होंने कहा कि मनीमाजरा की जनता ने लंबे समय से धैर्य रखा है, लेकिन अब जनता की सहनशीलता जवाब दे रही है।

“धरना-प्रदर्शन करने पर मुझे मजबूर मत करो। जनता बहुत परेशान है। अगर अभी भी मनीमाजरा की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हम सभी मिलजुलकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।”
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से सवाल किया कि आखिर क्या वे चाहते हैं कि जनता अपनी जायज मांगों के लिए सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करे? यदि नहीं, तो अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाया जाए और उसे निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
ममता सिंह राजपूत ने कहा कि मनीमाजरा की जनता को केवल उद्घाटन और आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए। बार-बार शिलान्यास और उद्घाटन के बाद भी यदि सड़कें अधूरी रहेंगी तो इसका जवाब जिम्मेदार लोगों को जनता के सामने देना होगा।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए सड़कों का रुका हुआ काम तुरंत शुरू करवाया जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
ममता सिंह राजपूत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही काम शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
समाजसेवी
ममता सिंह राजपूत
वार्ड न. 6



