जीएमसीएच चंडीगढ़ में एमबीबीएस सीटें 150 से बढ़ाकर 200 करने को एनएमसी की मंजूरी

जीएमसीएच चंडीगढ़ में एमबीबीएस सीटें 150 से बढ़ाकर 200 करने को एनएमसी की मंजूरी

क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा को बड़ी मजबूती देते हुए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), चंडीगढ़ में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की वार्षिक प्रवेश क्षमता को 150 से बढ़ाकर 200 सीटें करने की स्वीकृति प्रदान की है। यह वृद्धि शैक्षणिक सत्र 2026–27 से प्रभावी होगी।
यह स्वीकृति जीएमसीएच चंडीगढ़ द्वारा स्नातक चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा तक अधिक विद्यार्थियों की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें जुड़ने से अधिक संख्या में मेधावी विद्यार्थियों को उत्तर भारत के अग्रणी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में से एक जीएमसीएच चंडीगढ़ में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
यह मंजूरी संस्थान द्वारा उच्च शैक्षणिक मानकों को बनाए रखने, आवश्यक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का निरंतर अनुपालन सुनिश्चित करने के प्रयासों का परिणाम है।
जीएमसीएच चंडीगढ़ प्रशासन ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। प्रशासन ने कहा कि इससे दक्ष, संवेदनशील और कुशल चिकित्सकों के निर्माण में संस्थान की भूमिका और अधिक मजबूत होगी। साथ ही, बढ़ी हुई प्रवेश क्षमता से भविष्य में योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।



