रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन ने नए भवन के लिए जगह मुहैया करवाने को लेकर राज्यपाल को लिखा पत्र

जनसेवा को मिलेगा नया ठिकाना : हरियाणा रेडक्रॉस बनाएगी अपना ‘रेडक्रॉस भवन’

रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन ने नए भवन के लिए जगह मुहैया करवाने को लेकर राज्यपाल को लिखा पत्र

चण्डीगढ़ : प्रदेश में रक्तदान, राहत और आपदा प्रबंधन जैसे मानवीय कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी अब अपना भवन बनाएगी। सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने अध्यक्ष एवं राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष को पत्र लिखकर नए भवन के लिए उपयुक्त जगह मुहैया कराने की मांग की है।
हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी प्रदेशभर में जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सोसायटी के कार्यों में लगातार विस्तार हो रहा है। लिहाजा, विस्तार को देखते हुए सोसायटी ने अपना रेडक्रॉस भवन बनाने को लेकर राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष को मांग पत्र भेजा है।
वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी की ओर से राज्यपाल को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी मानवीय सहायता में अग्रणी संस्था है, ऐसे में सोसायटी के विस्तार और बेहतर संचालन के लिए रेडक्रॉस भवन की आवश्यकता है। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि रेडक्रॉस भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित की जाए, ताकि भविष्य की योजनाओं और सेवाओं को एक केंद्रीकृत ढांचे में संचालित किया जा सके।
राज्यपाल को लिखे पत्र में वाइस चेयरमैन ने यह भी उल्लेख किया है कि रेडक्रॉस का अपना भवन बनने से प्रशासनिक कार्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रक्तदान शिविरों, आपदा प्रबंधन समन्वय और सामाजिक कल्याण योजनाओं को एक ही परिसर में व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा। इससे कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
बता दें कि फिलहाल, हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी का प्रदेश मुख्यालय सेक्टर-16 चंडीगढ़ से संचालित हो रहा है। पंजाब-हरियाणा बंटवार में तय किए 60-40 के रेसो पर आधारित भवन में मुख्यालय का कामकाज चल रहा है। हालांकि, यहां स्टाफ के बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसके साथ ही स्टोर, जिलों को भेजे जाने वाली राहत सामग्री व अन्य सामान को रखने की भी जगह नहीं है। लिहाजा, इन तमाम परेशानियों को देखते हुए वाइस चेयरमैन की ओर से राज्यपाल को नए भवन के लिए जगह मुहैया करवाने को लेकर पत्र लिखा गया है। वहीं, राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष द्वारा भी रेडक्रास को नए भवन के लिए जगह मुहैया करवाने के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया है। बता दें, इससे पहले राज्यपाल ने रेडक्रास भवन का निरीक्षण किया था, तब उन्होंने नई एंबुलेंस की सौगात दी थी और अब नए भवन को लेकर भी लोकभवन की ओर से पूरी प्रतिबद्धता दिखाई गई है।
आपदा मित्र योजना को मिलेगी गति
हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी का कहना है कि रेडक्रॉस की ओर से आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए आपदा मित्र तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, हर जिले में वालंटियर जोड़ने के साथ सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता भी बढ़ाई जा रही है। रेडक्रॉस का अपना भवन होने से वाईआरसी, जेआरसी और गतिविधियों का संचालन आसनी से किया जा सकेगा। इसके साथ ही, रेडक्रॉस भवन में ब्लड बैंक भी स्थापित किया जा सकेगा, क्योंकि चंडीगढ़ में पीजीआई और ट्राईसिटी में बड़े अस्पताल होने के चलते ब्लड की मांग दिन प्रतिदिन बढ़ रही है।



