मनीमाजरा के पार्क बदहाल, लापरवाही पर उठे सवाल : हॉर्टिकल्चर एसडीओ के निलंबन की मांग : राजबीर सिंह

मनीमाजरा : मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन, इंदिरा कॉलोनी पार्क और ग्रीन बेल्ट की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। चण्डीगढ़ नगर निगम आयुक्त, जॉइंट कमिश्नर और चीफ इंजीनियर को लिखित शिकायत भेजी गई थी। आज सफाई कर्मचारी मौके पर तो पहुँचे, लेकिन कोई ठोस काम नहीं किया गया।
इस एक बार फिर समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय, सुभाष धीमान और शाम सुंदर द्वारा दोबारा शिकायत भेजी गई, जिसे सोशल वर्कर अरविंद सिंह ने तुरंत तीनों वरिष्ठ अधिकारियों तक अग्रसारित किया। इसके बावजूद ज़मीनी स्तर पर सुधार न होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। पार्कों में गंदगी, टूटे झूले, खराब शौचालय, झाड़ियों का जंगल और आवारा कुत्तों का डर आम नागरिकों, बच्चों व बुजुर्गों के लिए खतरा बन चुका है।
सोशल वर्कर अरविंद सिंह ने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद काम न होना गंभीर लापरवाही है। इसके लिए जिम्मेदार हॉर्टिकल्चर एसडीओ को तत्काल सस्पेंड किया जाना चाहिए, ताकि व्यवस्था सुधरे और जनता को न्याय मिले। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।



