news

चंडीगढ़ हरियाणा सेक्रेट्रिएट की बिल्डिंग से कूदे स्पेशल सेक्रेटरी, मौके पर ही मौत

 

चंडीगढ़, बुधवार को हरियाणा सचिवालय में बुधवार   दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कर्मचारी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब 12:24 बजे की बताई जा रही है। उस समय सचिवालय में रोज़ की तरह कामकाज चल रहा था। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सेक्टर-16 भिजवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
IAS अधिकारी के करीबी सहयोगी थे गणेश अरोड़ा
मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के रूप में हुई है। वे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार उनकी सेवानिवृत्ति इसी वर्ष अक्टूबर में प्रस्तावित थी।
परिवारिक सूत्रों के मुताबिक उनकी पत्नी उमा अरोड़ा गवर्नर हाउस में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार और सहकर्मियों में गहरा सदमा है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि उन्होंने अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया।
काम करते-करते अचानक पहुंचे छत पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गणेश अरोड़ा अपने कार्यालय में सामान्य रूप से काम कर रहे थे। कुछ देर बाद वे अचानक अपनी कुर्सी से उठे और इमारत की छत की ओर चले गए। इससे पहले कि सहकर्मी कुछ समझ पाते, उन्होंने कथित रूप से आत्मघाती कदम उठा लिया।
15 दिन पहले भी किया था प्रयास
सचिवालय के कर्मचारियों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले भी उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उस समय साथियों ने समय रहते उन्हें बचा लिया था। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेना बेहद ज़रूरी है। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता समय पर मिलना जीवन बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *