ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा की चंडीगढ़ प्रदेश की अहम बैठक 27 सितंबर को: मांगे राम कत्याल
प्रदेश पुनर्गठन, सदस्यता अभियान और 6 दिसंबर के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों पर होगा मंथन: भगत राज तिसावर

चंडीगढ़, 21 सितंबर।

ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजी.) की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक 27 सितंबर, रविवार को दोपहर 3 बजे सेक्टर-30 स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय सचिव श्री भगत राज करेंगे।

चंडीगढ़ प्रदेश सचिव मांगे राम कत्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में महासभा के चंडीगढ़ प्रदेश के पुनर्गठन, संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, विचारों और सामाजिक न्याय के लिए उनके संघर्ष पर भी चर्चा की जाएगी। डॉ. अंबेडकर ने समाज को प्रगति और अधिकारों के लिए जागरूक करते हुए “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश दिया था। महासभा का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समाज को संगठित करना और संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता तथा बंधुत्व के मूल्यों को मजबूत करना है। बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया जाएगा कि वे डॉ. अंबेडकर की नीतियों और आदर्शों को अपनाकर सामाजिक परिवर्तन के अभियान को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने बताया कि बैठक में महासभा के केंद्रीय नेतृत्व से राकेश बहादुर, सरदार अमरीक सिंह बंगड़, सुश्री रीना वाल्मीकि, सुख राम एडवोकेट, सुश्री निर्मल चौहान तथा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष निर्मल जीत, सुखराम चिनालिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इससे चंडीगढ़ प्रदेश के संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश एवं विचार-विमर्श होने की संभावना है।
बैठक के आयोजक एवं महासभा के चंडीगढ़ प्रदेश संयोजक राजबीर सिंह ने प्रदेश के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सदस्यों से बैठक में समय पर पहुंचकर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
प्रदेश सचिव मांगे राम कत्याल ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं सदस्यों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव देने और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को अपनाकर ही समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
जारीकर्ता:
राजबीर सिंह भारतीय, संयोजक
मांगे राम कत्याल
प्रदेश सचिव
ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजी.), चंडीगढ़ प्रदेश



