news

मनीमाजरा क्षेत्र से चार पार्षद, मेयर और डिप्टी मेयर—फिर भी क्षेत्र की तस्वीर क्यों नहीं बदली : राजबीर सिंह भारतीय

मनीमाजरा के विकास पर पांच साल का मांगा हिसाब:

 

 

 

मनीमाजरा क्षेत्र से चार पार्षद, मेयर और डिप्टी मेयर—फिर भी क्षेत्र की तस्वीर क्यों नहीं बदली?

 

कॉलेज-आईटीआई, खेल मैदान, चिकित्सा, नई सड़कें, बिजली-पानी, स्मार्ट मीटर, सीवरेज, परिवहन व सुरक्षा सहित जनहित के मुद्दों पर प्रस्ताव पारित : राजबीर सिंह भारतीय

 

सेक्टर-13 के लंबित जनहित के मुद्दों पर नगर निगम, प्रशासन और चंडीगढ़ प्रशासक को सौंपेंगे ज्ञापन : भारतीय

मनीमाजरा, 20 सितंबर।

 

ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ की बैठक रविवार को स्काई लाइट होटल, समाधि गेट में अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं के साथ पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई और कई जनहित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

 

अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि इस अवधि में मनीमाजरा को तीन निर्वाचित व एक मनोनीत पार्षद के साथ मेयर और डिप्टी मेयर का प्रतिनिधित्व भी मिला। इसके बावजूद कॉलेज, आईटीआई, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा सुविधाएं, खेल मैदान और नई सड़कों जैसी महत्वपूर्ण जरूरतें अभी पूरी होना बाकी हैं। जनता-जनार्दन अब जानना चाहती है कि पांच वर्षों में क्षेत्र के लिए कौन-कौन से ठोस विकास कार्य किए गए।

 

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह राणा ने खेल मैदान, सह सचिव आरीफ हुसैन ने आवारा कुत्तों की समस्या तथा सचिव ममता सिंह राजपूत ने हाउसिंग बोर्ड कॉम्प्लेक्स में सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम वोल्टेज की समस्या उठाई। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सुबह-शाम अतिरिक्त सीटीयू बसें चलाने तथा शांति नगर पार्किंग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी रखी गई।

 

चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि “सड़क, पानी, बिजली, सीवरेज और सफाई जैसी सुविधाएं जनता की बुनियादी जरूरत हैं। इनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।”

 

उपाध्यक्ष शमीम अहमद ने कहा कि “लंबित समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को अपनी मांगों के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।”

 

अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में रेलवे अंडरपास से पिपलीवाला टाउन के बाहर से गुरुकुल स्कूल तक सड़क, तथा मनीमाजरा थाना रोड से सुभाष नगर प्राचीन शिव मंदिर होते हुए इंदिरा कॉलोनी की ग्रीन बेल्ट तक सड़क निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया।

इसके अलावा शास्त्री नगर की समस्याएं, 24×7 पानी परियोजना, बिजली-पानी के स्मार्ट मीटर, क्षतिग्रस्त सीवरेज व्यवस्था और जलभराव पर भी चर्चा हुई।

 

बैठक में यह भी मांग रखी गई कि खाली पड़ी सरकारी जमीन का सर्वे करवाकर, जब तक वहां कोई स्थायी जनहित परियोजना शुरू नहीं होती, उसका उपयोग ग्रीन बेल्ट, पार्क या अन्य सार्वजनिक सुविधा के लिए किया जाए।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से नगर निगम, चंडीगढ़ प्रशासन, संबंधित विभागों और चंडीगढ़ प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर इन सभी मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी तथा लंबित मामलों की स्थिति भी प्राप्त की जाएगी।

 

उन्होंने कहा, “यह किसी दल के खिलाफ आरोप नहीं, बल्कि जनता के सवाल हैं। पांच साल का प्रतिनिधित्व मिला है तो जनता-जनार्दन को पांच साल के विकास कार्यों का तथ्यात्मक रिपोर्ट कार्ड भी मिलना चाहिए—क्या प्रस्ताव आया, कितना बजट मिला, कौन-सा काम पूरा हुआ और क्या अभी लंबित है।”

 

उन्होंने कहा कि “मनीमाजरा का विकास किसी राजनीतिक दल से बड़ा मुद्दा है। जनता की मूलभूत सुविधाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, परिवहन और बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करना ही प्राथमिकता होनी चाहिए।”

बैठक में अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, चेयरमैन सुभाष धीमान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह राणा, उपाध्यक्ष शमीम अहमद, सचिव ममता सिंह राजपूत, सह सचिव आरीफ हुसैन, सलाहकार जोगेंद्र सिंह ठाकुर, श्याम सुंदर, गुरबचन लाल, भारत भूषण गुप्ता, मुकेश कुमार, मनोज कुमार, बबीता रानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

जारीकर्ता

राजबीर सिंह भारतीय

अध्यक्ष

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *