सेक्टर-32 चौक की स्लिप रोड बदहाल, जल्द मरम्मत की मांग

सेक्टर-32 चौक की स्लिप रोड बदहाल, जल्द मरम्मत की मांग
![]()
चण्डीगढ़ : समाजसेवी अरविंद सिंह ने चण्डीगढ़-अंबाला हाईवे पर सेक्टर-32 चौक से जीएमसीएच, सेक्टर-32 अस्पताल की ओर जाने वाली स्लिप रोड की हालत का जल्द संज्ञान लिए जाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि करीब 7–8 महीने पहले पाइपलाइन का कार्य होने के बाद सड़क को खोदकर पाट दिया गया था, लेकिन आज तक सड़क की उचित तरीके से मरम्मत नहीं हो पाई है। बारिश के समय समस्या और गंभीर हो गई थी। शिकायत के बाद बजरी तो डाली गई, लेकिन उसे रोलर से ठीक प्रकार से दबाकर समतल नहीं किया गया।

जिसके कारण सड़क पर पड़े बड़े-बड़े पत्थरों और उबड़-खाबड़ रास्ते से रोजाना साइकिल, मोटरसाइकिल और कार चालकों के टायर पंचर हो रहे हैं तथा टायर फटने की घटनाएं भी हो रही हैं। इसी रास्ते से अस्पताल की एंबुलेंस भी गुजरती हैं, इसलिए यह मामला केवल असुविधा का नहीं बल्कि जनसुरक्षा और मरीजों की सुविधा से भी जुड़ा हुआ है।
“सड़क जनता की सुविधा के लिए होती है, रोज़ाना परेशानी और नुकसान के लिए नहीं।”
अतः प्रशासन से अनुरोध है कि अपने स्तर पर ही इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की स्थायी एवं उचित मरम्मत करवाई जाए। हम उम्मीद करते हैं कि संबंधित विभाग जनता की परेशानी को समझते हुए जल्द कार्रवाई करेगा।
यदि इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो मजबूरीवश जनहित में प्रधानमंत्री जन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवानी पड़ेगी। हमारी प्राथमिकता हमेशा यही है कि समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर ही सम्मानपूर्वक और शीघ्र हो जाए।



