news

मनीमाजरा की वर्षों पुरानी समस्याएं समाधान शिविर में प्रमुखता से उठीं : राजबीर सिंह भारतीय

खेल मैदान के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश तथा पानी, बिजली बिल, सड़क, सरकारी कॉलेज और ओपन एयर थियेटर की मांगों पर प्रशासक ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

 

 

एनओसी के लंबित मामलों पर जवाइंट कमीश्नर मनयुसिपल कॉर्पोरेशन मनीमाजरा का तत्काल कार्रवाई का भरोसा:

 

मनीमाजरा, चंडीगढ़ : 11.9.2026

चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए चलाए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में शुक्रवार को मनीमाजरा में चौथे समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिवालिक गार्डन के निकट कम्युनिटी सेंटर में आयोजित शिविर में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।शिविर में महापौर सौरभजोशी, मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद, अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह, गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़, वित्त सचिव दिप्रवा लाकड़ा, पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, बलबीर सिंह राज, व अधिकारी अन्य मौजूद रहे।

शिविर में मनीमाजरा के निवासियों की ओर से कुल 83 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सड़कों, स्ट्रीट लाइट, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, खेल का मैदान, एनओसी, नया कालेज, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्किंग ओपन एयर थियेटर और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।

ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-13 चंडीगढ़ की ओर से मनीमाजरा की वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं को आज माननीय राज्यपाल एवं प्रशासक, चंडीगढ़ श्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा लगाए गए समाधान शिविर में गंभीरता से उठाया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने चेयरमैन सुभाष धीमान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह राणा, उपाध्यक्ष राबर्ट विलियम, शमीम अहमद, उर्वशी शर्मा तथा सचिव आरीफ सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र की प्रमुख 8 समस्याओं और मांगों को प्रशासक के समक्ष रखा।

एनओसी पर बड़ी राहत की उम्मीद:

समाधान शिविर में सबसे प्रमुख मुद्दा मनीमाजरा सेक्टर-13 के मकानों की लंबे समय से लंबित एनओसी का रहा। राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि एनओसी न मिलने के कारण लोगों को बिजली-पानी के कनेक्शन लेने के साथ-साथ अपनी संपत्ति के वैध लेन-देन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मामले पर ज्वाइंट कमिश्नर बलबीर राज सिंह, पीसीएस व उनके सुपरिटेंडेंट डी. पी. सिंह ने तत्काल कार्रवाई का भरोसा देते हुए बताया कि पुरानी लंबित एनओसी में से अधिकांश का निपटारा कर दिया गया है और अब बहुत कम मामले लंबित है । बलबीर राज सिंह ने आश्वासन दिया कि शेष पात्र मामलों को भी जल्द निपटाया जाएगा। साथ ही भविष्य में एनओसी की प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने की जानकारी दी गई, उन्होंने कहा जिसके बाद आवेदक चंडीगढ़ के किसी भी संपर्क केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकेगा और आवेदन की जानकारी मोबाइल पर प्राप्त होगी। इसके लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ज्वाइंट कमिश्नर के इस आश्वासन का शिविर में उपस्थित लोगों ने तथा ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 13 चंडीगढ़ ने गर्मजोशी से तालियां बजाकर स्वागत किया। प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने भी अधिकारियों द्वारा एनओसी के मामलों को शीघ्र निपटाने की दिशा में की जा रही कार्रवाई की सराहना की। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि बचे हुए पात्र मकानों की एनओसी शीघ्र जारी होगी।

पानी और बढ़े हुए बिजली-बिलों की जांच की मांग:

एसोसिएशन ने मनीमाजरा की जलापूर्ति व्यवस्था का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट एवं जमीनी सर्वेक्षण करवाने, प्रत्येक घर तक पर्याप्त दबाव के साथ स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा 24×7 जलापूर्ति योजना की समीक्षा करने की मांग रखी।
इसके साथ ही स्मार्ट बिजली एवं पानी मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिलों की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच, असामान्य बिलों का ऑडिट एवं पुनर्मूल्यांकन करवाकर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई। बंद हो चुकी स्मार्ट सिटी परियोजना के स्मार्ट वाटर मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

सड़कों और बाजारों की बदहाल स्थिति पर भी ध्यान देने की मांग
मनीमाजरा सेक्टर-13 की मुख्य सड़कों, आंतरिक गलियों तथा बाजार क्षेत्रों की खराब सड़कों का विशेष सर्वे करवाकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण करवाने की मांग भी रखी गई। एसोसिएशन ने कहा कि क्षेत्र के विकास में बाजारों और आंतरिक गलियों को भी बराबर प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

खेल मैदान और कॉलेज को लेकर गंभीरता से हुई चर्चा:

बच्चों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर देते हुए मनीमाजरा में उपलब्ध सरकारी एवं खाली भूमि को चिह्नित कर आधुनिक खेल मैदान, ओपन जिम और अन्य खेल सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी गई। प्रशासक ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए खेल मैदान केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उन्हें नशे और गलत संगत से दूर रखने का मजबूत माध्यम हैं।

मनीमाजरा में सरकारी कॉलेज, विशेषकर लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा की सुविधा, स्थापित करने की मांग भी रखी गई। राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि कॉलेज दूर होने के कारण क्षेत्र की अनेक बेटियां उच्च शिक्षा जारी नहीं रख पातीं। उन्होंने कहा कि यदि मनीमाजरा में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो तो क्षेत्र की बेटियां आगे बढ़कर देश और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

इसके अलावा शिवालिक गार्डन में लंबित ओपन एयर थियेटर का निर्माण शीघ्र शुरू करवाने की मांग भी प्रशासक के समक्ष रखी गई।

सुभाष धीमान : आश्वासन पर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी:
एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि समाधान शिविर में समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना स्वागत योग्य है। विशेषकर एनओसी के मामले में मिले आश्वासन से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। अब जरूरी है कि संबंधित विभाग इन आश्वासनों पर समयबद्ध कार्रवाई करें।

उर्वशी शर्मा : बेटियों की शिक्षा को मिले प्राथमिकता:
एसोसिएशन की उपाध्यक्ष उर्वशी शर्मा ने कहा कि मनीमाजरा में सरकारी कॉलेज की स्थापना क्षेत्र की बेटियों के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। कॉलेज बनने से छात्राओं को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

शमीम अहमद : मूलभूत सुविधाएं जनता का अधिकार:
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शमीम अहमद ने कहा कि स्वच्छ पानी, अच्छी सड़कें, बिजली, शिक्षा और खेल सुविधाएं जनता की मूलभूत जरूरतें और अधिकार हैं। प्रशासन द्वारा मांगों को गंभीरता से सुना जाना सकारात्मक है, अब इन पर जल्द धरातल पर कार्रवाई होनी चाहिए।

अंत में राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन जनता-जनार्दन की आवाज बनकर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी पूरी गंभीरता और मजबूती से प्रयास करती रहेगी। एसोसिएशन का उद्देश्य किसी राजनीतिक विवाद को खड़ा करना नहीं, बल्कि मनीमाजरा के प्रत्येक निवासी को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाना है।

जारीकर्ता
राजबीर सिंह भारतीय,
अध्यक्ष, ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 13 चंडीगढ़

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *