news

वार्ड आरक्षण से पहले आप ऑब्जर्वर ने उठाई आपत्तियां

2011 की जनगणना के आधार पर वार्ड नंबर 3, 9 व 32 को एससी आरक्षित करने पर सवाल उठाया विनीत वर्मा ने

 

Chandigarh 10.9.26

 

चण्डीगढ़ : चण्डीगढ़ नगर निगम के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया कल 11 सितंबर को होने जा रही है।

आम आदमी पार्टी के ऑब्जर्वर विनीत वर्मा ने वार्ड नंबर 3, 9 व 32 को अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित किए जाने के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने स्थानीय प्रशासक तथा प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा है कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर वर्तमान वार्ड नंबर 3, 9 व 32 का आरक्षण तय करना तर्कसंगत नहीं होगा।

उन्होंने पूरी प्रक्रिया को विसंगतियों से भरपूर करार दिया है।

उन्होंने कहा है कि वार्ड नं 3 (बापूधाम कॉलोनी, सेक्टर 26) में 3000 झुग्गियों की बसावट वाली मद्रासी कॉलोनी होती थी, जिनमें लगभग 7000 लोग रहते थे। वर्ष 2011 के बाद इस कॉलोनी को हटा दिया गया था, जिससे यहां की आबादी के आंकड़ों में बदलाव आ गया।

इसी प्रकार वार्ड नं 32 में सरकारी जमीन पर अवैध तौर पर बसाई गई कॉलोनी नं 5 होती थी, जो वर्ष 2013 में हटाई जा चुकी है। परन्तु वर्ष 2011 की जनगणना में वहां के निवासी अभी भी दर्ज हैं।

 

इसी प्रकार पिछले वर्षों में वार्ड नं 9 की भौगोलिक सीमा, जनसंख्या और सामाजिक संरचना में भी बड़ा बदलाव हो चुका है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे अनुसूचित जाति के आरक्षण के विरोध में नहीं हैं, बल्कि उनकी मांग है कि आरक्षण का आधार वास्तविक और अद्यतन जनसंख्या आंकड़े होने चाहिए। उनका कहना है कि जनगणना सही तरीके से होने के बाद ही इन वार्डों के आरक्षण का निर्धारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के समय वार्ड नंबर-9 का क्षेत्र वर्तमान स्वरूप से अलग था। उस समय दरिया गांव ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता था और क्षेत्र की जनसंख्या तथा प्रशासनिक व्यवस्था ग्राम पंचायत प्रणाली के अनुसार थी।

उनके अनुसार, वर्ष 2018 में चंडीगढ़ के गांवों की ग्राम पंचायतों को भंग कर उन्हें नगर निगम के अंतर्गत शामिल किया गया। इसके बाद गांव दरिया, सुंदर नगर, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-4 की कॉलोनी नंबर-4, संजय कॉलोनी तथा दीन दयाल कॉम्प्लेक्स को शामिल करते हुए वर्तमान वार्ड नंबर-9 का गठन किया गया।

 

उनका कहना है कि कॉलोनी नंबर-4 और संजय कॉलोनी प्रशासन की भूमि पर बसी थीं, जिन्हें बाद में प्रशासन द्वारा खाली करवाकर ध्वस्त कर दिया गया। वहां रहने वाले लोगों को सरकार की ओर से वैकल्पिक रूप से स्मॉल फ्लैट्स उपलब्ध करवाए गए।

विनीत वर्मा का कहना है कि वर्तमान में कॉलोनी नंबर-4 और संजय कॉलोनी वार्ड नंबर-9 का हिस्सा नहीं हैं। इसके कारण वार्ड में लगभग 6 मतदान केंद्र कम हो गए हैं और करीब 7,000 मतदाता दूसरे क्षेत्रों में स्थानांतरित हो चुके हैं। ऐसे में वर्ष 2011 के आंकड़ों को वर्तमान वार्ड की जनसंख्या और सामाजिक संरचना का आधार मानना उचित नहीं होगा।

पत्र में मांग की गई है कि वर्ष 2026 की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के सभी वार्डों की जनसंख्या और सीमाओं का पुनर्मूल्यांकन किया जाए। इसके लिए उपलब्ध नवीनतम जनसंख्या आंकड़ों अथवा अद्यतन सर्वेक्षण को आधार बनाकर एससी आरक्षण का निर्णय लेने की मांग की गई है।

 

विनीत वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी समुदाय के आरक्षण अधिकार का विरोध करना नहीं है, बल्कि आरक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और वास्तविक जनसंख्या के आधार पर सुनिश्चित करना है।

 

उन्होंने चंडीगढ़ के मुख्य सचिव, गृह सचिव, उपायुक्त, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी इन विसंगतियों की ओर ध्यान देने की मांग की है।

Ravinder Popli

House No. 3592, Sector 35 D, Chandigarh 9988293592/9780863592

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *